करवा चौथ 2025: एक्सपर्ट के 5 स्टाइल टिप्स से बनें ‘चांद से भी खूबसूरत’
करवाचौथ सिर्फ एक परंपरा नहीं है, बल्कि यह प्रेम, खुशियों और संस्कृति का जश्न भी है। मुंबई की फैशन डिजाइनर संजना बबर दिवेचा के अनुसार, इस दिन युवतियां अपने साज-संवर के साथ अपने व्यक्तित्व को भी खूबसूरती से पेश करती हैं।
फेस्टिव कलर्स चुनें
लाल रंग करवाचौथ के लिए क्लासिक और शुभ है, यह प्रेम और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। इसमें कई शेड्स होते हैं, जैसे रानी पिंक, डीप मैरून और वाइन, जो सभी स्किन टोन पर अच्छे लगते हैं। मस्टर्ड, एमराल्ड और रॉयल ब्लू भी परफेक्ट विकल्प हैं अगर आप ज्यादा तड़क-भड़क से बचना चाहती हैं।
आउटफिट्स का स्टाइल
अगर हैवी लहंगा पहनने का मन नहीं है, तो भी कई स्टाइलिश विकल्प हैं। क्लासिक रेड साड़ी जरी बार्डर या जरदोज़ी के काम वाली सिल्क/ऑर्गेंजा साड़ी के साथ शानदार लगती है। इसे फिटिंग वाले डीप नेक या बोट नेक ब्लाउज के साथ पेयर करें।
टाइमलेस लुक के लिए ब्रोकेड स्ट्रेट कट कुर्ता शरारा या सिगरेट पैंट्स के साथ पहनें। फ्लोर लेंथ अनारकली कुर्ता गोटा, जरदोज़ी या मिरर वर्क के साथ भी परफेक्ट है। मॉडर्न ब्राइडल इंस्पायर्ड हल्का लहंगा नवविवाहितों या शादी की यादें ताजा करना चाहने वालों के लिए बेहतरीन रहेगा।
एक्सेसरीज
गोल्ड झुमका, पोल्की चोकर, रानी हार और टेंपल जूलरी आपके लुक में राजसी आकर्षण जोड़ते हैं। मंगलसूत्र और मांग टीका नवविवाहितों पर खूबसूरत लगते हैं। चूड़ा गोल्ड या कांच की चूड़ियों के साथ पहने जा सकते हैं। माथे पर हल्की लाल या मैरून बिंदी लुक को कंप्लीट करती है।
हेयर और मेकअप
चूंकि करवाचौथ रात में होता है, इसलिए साफ्ट और ग्लोई मेकअप पर ध्यान दें। गोल्ड शिमर आईशैडो, विंग्ड आईलाइनर और ग्लोई स्किन परफेक्ट हैं। रेड या डीप बेरी लिपस्टिक आपके लुक को कम्पलीट करेगी। हेयरस्टाइल में गजरा के साथ स्लीक बन या सॉफ्ट कर्ल्स में बिंधी हुई चोटी चुनें।
सबसे महत्वपूर्ण बात: वह लुक चुनें जिसमें आप सहज और आत्मविश्वासी महसूस करें। आखिरकार, करवाचौथ आपके प्यार, परंपरा और स्टाइल का उत्सव है।
Comments are closed.