फर्जी क्रेडिट SMS और UPI पे रिक्वेस्ट से साइबर ठगी, पुलिस ने किया अलर्ट
साइबर ठगी के बढ़ते मामलों ने लोगों के साथ-साथ पुलिस की चुनौतियां भी बढ़ा दी हैं। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में साइबर अपराध के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब ठग लोगों को निशाना बनाने के लिए फर्जी बैंक क्रेडिट SMS और नकली UPI पेमेंट रिक्वेस्ट का इस्तेमाल कर रहे हैं।
साइबर पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि मोबाइल पर खाते में पैसे जमा होने का संदेश मिलने पर बिना पुष्टि किए किसी लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी अनजान पेमेंट रिक्वेस्ट को स्वीकार करें।
ऐसे काम करता है ठगी का नया तरीका
इस तरीके में साइबर अपराधी पहले लोगों के मोबाइल पर ऐसा मैसेज भेजते हैं, जिसमें खाते में एक या दो हजार रुपये जमा होने का दावा किया जाता है। यह संदेश कई बार बैंक के वास्तविक अलर्ट जैसा दिखता है, जिससे लोग भ्रमित हो जाते हैं।
पैसे आने की उम्मीद में व्यक्ति जब नोटिफिकेशन पर क्लिक करता है, तो उसके सामने बैंक की जानकारी के बजाय ठगों की ओर से भेजी गई UPI पेमेंट या कलेक्ट रिक्वेस्ट खुल सकती है। यदि वह इसे स्वीकार कर UPI PIN दर्ज कर देता है, तो उसके खाते से पैसे कटकर ठगों के खाते में जा सकते हैं।
पैसे प्राप्त करने के लिए UPI PIN की जरूरत नहीं
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि UPI PIN का इस्तेमाल भुगतान करने या अधिकृत बैंकिंग प्रक्रिया के तहत लेनदेन की पुष्टि के लिए किया जाता है। किसी से पैसे प्राप्त करने के लिए UPI PIN दर्ज करने की आवश्यकता नहीं होती।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति गलती से पैसे भेजने का दावा कर उन्हें वापस करने के लिए कहता है, तो पहले बैंक के आधिकारिक स्टेटमेंट में लेनदेन की पुष्टि करनी चाहिए। केवल मोबाइल पर आए SMS के आधार पर कोई वित्तीय लेनदेन नहीं करना चाहिए।
साइबर पुलिस ने लोगों से संदिग्ध SMS, लिंक, फोन कॉल और अनजान भुगतान अनुरोधों से सतर्क रहने की अपील की है।
साइबर ठगी से बचने के लिए क्या करें?
- बैंक बैलेंस की जांच केवल आधिकारिक बैंक या UPI ऐप से करें।
- किसी भी पेमेंट रिक्वेस्ट को स्वीकार करने से पहले उसकी पूरी जानकारी जांचें।
- बैंक खाते का स्टेटमेंट नियमित रूप से देखते रहें।
- संदिग्ध लेनदेन होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें और शिकायत दर्ज कराएं।
इन गलतियों से बचें
- पैसे प्राप्त करने के लिए कभी भी UPI PIN दर्ज न करें।
- अनजान पेमेंट या कलेक्ट रिक्वेस्ट स्वीकार न करें।
- संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अनजान संदेशों पर भरोसा न करें।
- केवल SMS देखकर किसी के खाते में पैसे वापस न भेजें। पहले अपने बैंक खाते में वास्तविक क्रेडिट की पुष्टि करें।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.