सर्दियों में हार्ट हेल्थ पर खतरा: जानें 6 चेतावनी संकेत
सर्दियों की ठंडी हवा चेहरे को तो सुकून देती है, लेकिन आपके दिल के लिए यह मौसम कई बार छिपा हुआ खतरा लेकर आता है। ठंड के कारण शरीर की ब्लड वेसल्स सिकुड़ जाती हैं, ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है और हार्ट को सामान्य से ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।
डॉ. अमित पेंढारकर (निदेशक एवं यूनिट हेड – इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी, मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, द्वारका) के अनुसार, इन लक्षणों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।
1. सीने में बेचैनी या भारीपन
सीने का दर्द हमेशा तेज या अचानक नहीं होता। कई लोग इसे भारीपन, जलन, दबाव या कसाव की तरह महसूस करते हैं। ठंड में ऑक्सीजन सप्लाई कम होने और ब्लड प्रेशर बढ़ने से ये लक्षण ज्यादा दिखाई दे सकते हैं। चलने या सीढ़ियां चढ़ने पर असहजता महसूस हो और आराम करने पर ठीक हो जाए, तो इसे हल्के में न लें।
2. सांस लेने में तकलीफ
सीढ़ियां चढ़ते समय या तेज चलने पर थोड़ी सांस फूलना सामान्य है, लेकिन अगर यह नई समस्या है या लगातार बढ़ रही है, तो यह हार्ट पर दबाव का संकेत हो सकता है। ठंड में धमनियां सिकुड़ जाती हैं, जिससे हार्ट को पंपिंग के लिए ज्यादा ताकत लगानी पड़ती है।
3. अचानक थकान या कमजोरी
थोड़ी सुस्ती सामान्य है, लेकिन अगर छोटी-छोटी एक्टिविटी भी आपको थका दें, तो यह चेतावनी हो सकती है। पर्याप्त ब्लड सप्लाई न मिलने से कमजोरी महसूस होती है। इसे अक्सर तनाव या नींद की कमी समझ लिया जाता है, जबकि यह हार्ट फेलियर का शुरुआती संकेत भी हो सकता है।
4. पैरों या टखनों में सूजन
हार्ट जब पूरी क्षमता से पंप नहीं कर पाता, तो शरीर में फ्लूइड जमा होने लगता है। ठंड में कम पानी पीना और कम एक्टिविटी करना सूजन को बढ़ा सकता है। जूते टाइट लगना या टखनों के आसपास पफीनेस दिखना हार्ट प्रॉब्लम का संकेत हो सकता है।
5. दिल की धड़कन का अनियमित होना
कुछ लोगों को दिल तेजी से धड़कता महसूस होता है या बीच-बीच में धड़कन छूटती है। ठंड अनियमित धड़कन को ट्रिगर कर सकती है, खासकर हार्ट डिजीज, थाइरॉयड या इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन वाले लोगों में।
6. चक्कर या हल्का सिर घूमना
सर्दियों में चक्कर अक्सर डिहाइड्रेशन से होता है, लेकिन यह ब्रेन तक कम ब्लड सप्लाई का संकेत भी हो सकता है। बार-बार चक्कर आना, पसीना आना या सीने में असहजता महसूस होना हार्ट या ब्लड सर्कुलेशन समस्या का संकेत हो सकता है।
सर्दियों में हार्ट पर बोझ स्वाभाविक रूप से बढ़ जाता है। इन चेतावनी संकेतों को समय रहते पहचानकर आप हार्ट हेल्थ को बेहतर बनाए रख सकते हैं और गंभीर समस्याओं से बच सकते हैं।
Comments are closed.