राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर बहस के दौरान खरगे-नड्डा में तीखी नोकझोंक, फिर माफी के साथ खत्म हुआ विवाद

2

राज्यसभा में मंगलवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर हुई चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जबरदस्त बहस देखने को मिली। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर बीजेपी नेता और राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।

जेपी नड्डा ने कहा, “खरगे जी बहुत वरिष्ठ नेता हैं, लेकिन प्रधानमंत्री के बारे में उनका बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं उनकी पीड़ा समझता हूं, लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि पीएम मोदी पिछले 11 वर्षों से देश की सेवा कर रहे हैं और आज वे दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं।”

खरगे का पलटवार
जेपी नड्डा की प्रतिक्रिया पर मल्लिकार्जुन खरगे ने भी नाराजगी जताई और कहा, “मैं नड्डा जी का सम्मान करता हूं। वे और राजनाथ सिंह जैसे नेता हमेशा संतुलन से बात करते हैं, लेकिन आज जो टिप्पणी उन्होंने की, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्हें माफी मांगनी चाहिए। मैं यह मामला ऐसे नहीं जाने दूंगा।”

इस बयान के बाद सदन का माहौल और गर्म हो गया और दोनों पक्षों के नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

जेपी नड्डा ने जताया खेद
बात बढ़ती देख जेपी नड्डा ने स्थिति को संभालते हुए कहा, “हम नेता प्रतिपक्ष का सम्मान करते हैं। अगर मेरे शब्दों से आपको ठेस पहुंची है तो मैं खेद व्यक्त करता हूं और अपने शब्द वापस लेता हूं।”
हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि “आप भी भावनाओं में बहक गए थे और प्रधानमंत्री के सम्मान का ध्यान नहीं रखा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।”

इस तरह बहस के बाद दोनों नेताओं के बीच तल्खी कुछ हद तक कम हुई और चर्चा आगे बढ़ सकी।

Comments are closed.