इराक के कूत शहर में हाइपरमार्केट में भीषण आग, 50 लोगों की मौत; तीन दिन का शोक घोषित
इराक के पूर्वी शहर कूत में 16 जुलाई, 2025 की रात एक भीषण आग ने भारी तबाही मचाई। शहर के एक हाइपरमार्केट और उससे जुड़े रेस्तरां में लगी आग में कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की पुष्टि वासित प्रांत के गवर्नर मोहम्मद अल-मायाही ने की है, जिसे इराकी स्टेट न्यूज एजेंसी आईएनए ने रिपोर्ट किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि पांच मंज़िला इमारत आग की लपटों में घिरी है और दमकलकर्मी आग बुझाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि यह हादसा उस समय हुआ जब इमारत के भीतर मौजूद रेस्तरां में परिवार डिनर कर रहे थे और लोग दुकानों में खरीदारी में व्यस्त थे।
शॉर्ट सर्किट को फिलहाल आग लगने की प्राथमिक वजह बताया जा रहा है। गवर्नर अल-मायाही ने इसे “त्रासदी और आपदा” करार देते हुए तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। उन्होंने साथ ही घटना की जांच के आदेश दिए हैं, जिसकी रिपोर्ट 48 घंटे में आने की उम्मीद है।
आईएनए की रिपोर्ट के अनुसार, इमारत और मॉल के मालिकों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। गवर्नर ने कहा कि प्रशासन इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगा।
गौरतलब है कि इराक में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। वर्ष 2021 में बगदाद के एक अस्पताल में ऑक्सीजन टैंक फटने से 82 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2023 में निनेवेह के एक शादी समारोह में आतिशबाज़ी से लगी आग में 100 से अधिक लोगों की जान चली गई थी।
Comments are closed.