1 अगस्त से लागू होंगे ये 6 बड़े बदलाव, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर — जानिए क्या होगा महंगा और क्या बदलेगा
अगस्त 2025 की शुरुआत के साथ ही कई अहम बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर आम आदमी के मासिक बजट को प्रभावित कर सकते हैं। चाहे बात हो UPI के नए नियमों की, LPG और ATF की कीमतों की या फिर क्रेडिट कार्ड से जुड़े लाभों की—इन बदलावों का असर आपकी जेब पर जरूर पड़ेगा। आइए जानते हैं कौन से हैं वे 6 बड़े बदलाव:
1. SBI क्रेडिट कार्ड से खत्म होगा फ्री एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस
11 अगस्त से SBI कार्ड अपने कुछ को-ब्रांडेड ELITE और PRIME क्रेडिट कार्ड्स (UCO बैंक, सेंट्रल बैंक, करूर वैश्य बैंक, इलाहाबाद बैंक आदि) पर मिलने वाला फ्री एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर बंद कर रहा है। अब यात्रियों को यात्रा बीमा के लिए अलग से खर्च करना पड़ सकता है। पहले यह कवर ₹50 लाख से ₹1 करोड़ तक का होता था।
2. UPI लेनदेन पर नए नियम लागू
NPCI ने सर्वर लोड कम करने के लिए UPI यूजर्स के लिए नए लिमिटेशन लागू किए हैं:
-
बैलेंस सिर्फ 50 बार प्रतिदिन ही चेक कर सकेंगे
-
मोबाइल नंबर से लिंक अकाउंट्स को 25 बार प्रतिदिन ही एक्सेस कर पाएंगे
-
AutoPay ट्रांजेक्शन अब केवल तीन तय स्लॉट्स में ही होंगे
-
फेल ट्रांजेक्शन का स्टेटस दिन में सिर्फ 3 बार देखा जा सकेगा
ये नियम Paytm, PhonePe, Google Pay जैसे प्लेटफॉर्म्स पर लागू होंगे।
3. LPG सिलेंडर की कीमत में बदलाव संभव
1 अगस्त को रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में संशोधन संभव है। 1 जुलाई को कमर्शियल सिलेंडर ₹60 सस्ता हुआ था। अब उम्मीद है कि घरेलू LPG की कीमतों में भी राहत मिल सकती है। हालांकि कटौती न होने पर उपभोक्ताओं के बजट पर असर पड़ सकता है।
4. CNG और PNG की दरों पर नजर
CNG और PNG की कीमतों में भी 1 अगस्त से बदलाव हो सकता है। पिछली बार इनकी दरें 9 अप्रैल को बढ़ाई गई थीं। अगर फिर बढ़ोतरी हुई तो घरेलू किचन से लेकर ऑटो किराए तक महंगाई का असर दिखेगा।
5. बैंक हॉलिडे की नई सूची जारी
अगस्त में स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी जैसे कई त्योहार हैं, जिसके चलते अलग-अलग राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में बैंकिंग कामकाज (जैसे चेक क्लियरिंग, कैश ट्रांजेक्शन) पहले निपटाना फायदेमंद होगा।
6. एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के रेट में बदलाव संभव
1 अगस्त को एविएशन फ्यूल की कीमतों में संशोधन किया जाएगा। अगर दरें बढ़ीं तो हवाई सफर महंगा हो सकता है, जिससे फ्लाइट टिकट की कीमतों में इजाफा होना तय है।
Comments are closed.