बेंगलुरु दौरे पर पीएम मोदी: वंदे भारत से नम्मा मेट्रो तक बड़ी सौगातें, ऑपरेशन सिंदूर पर बोले – ‘पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश की आईटी सिटी बेंगलुरु पहुंचे, जहां उन्होंने वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और नम्मा मेट्रो की येलो लाइन का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने शहर को कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की सौगात दी और ऑपरेशन सिंदूर पर भी विस्तार से बात की।
पीएम मोदी ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर में हमने सीमा पार आतंकियों के अड्डों को नेस्तनाबूत कर दिया और पाकिस्तान को कुछ ही घंटों में घुटनों पर ला दिया। दुनिया ने पहली बार भारत का नया और साहसी चेहरा देखा है।”
अर्थव्यवस्था की मजबूती पर उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में भारत की रैंकिंग 11वें स्थान से बढ़कर चौथे स्थान पर पहुंची है और जल्द ही देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।
उपलब्धियां गिनाते हुए पीएम मोदी ने कहा, “2014 में सिर्फ 5 शहरों में मेट्रो चलती थी, अब 24 शहरों में 1000 किलोमीटर से ज्यादा मेट्रो नेटवर्क है। रेलवे रूट 20,000 से बढ़कर 40,000 किलोमीटर हो गया है, 74 नए हवाई अड्डे बने हैं और डिजिटल लेन-देन में भारत दुनिया में अग्रणी है, जिसमें 50% से ज्यादा रियल टाइम ट्रांजैक्शन UPI पर होते हैं।”
तकनीकी आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, “अब हमारा अगला लक्ष्य टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भर बनना है। भारतीय कंपनियों ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है, लेकिन अब समय है कि हम भारत की जरूरतों को प्राथमिकता दें और हर तकनीकी क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएं।”
Comments are closed.