पिता की मृत्यु से टूटे हेमंत को मोदी ने दी भरोसे की थपकी, कल्पना के माथे पर रखा स्नेहभरा आशीर्वाद

2

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को झामुमो के दिवंगत संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करने सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे। इस पल में राजनीति पीछे छूट गई और संवेदना सामने आ गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जो अपने पिता के निधन से भावुक थे, की आंखों में आंसू थे। प्रधानमंत्री ने उनके कंधे पर हाथ रखकर उन्हें ढांढस बंधाया और आत्मीयता का परिचय दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए, उनकी परिक्रमा की और उन्हें झारखंड के महान नेता के रूप में सम्मानपूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी एवं गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन के माथे पर भी प्रधानमंत्री ने स्नेह से हाथ रखा, मानो एक बुजुर्ग का आशीर्वाद दे रहे हों।

हालांकि प्रधानमंत्री और सोरेन परिवार के बीच बातचीत संक्षिप्त रही, लेकिन यह दृश्य भारतीय राजनीति में मानवीयता और संवेदना की एक गहरी छाप छोड़ गया। जब प्रधानमंत्री कमरे से बाहर निकले, तब भी वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का हाथ थामे रहे।

बाद में प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर शिबू सोरेन को एक जनसेवक बताया, जिन्होंने आदिवासी समाज के उत्थान के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके कार्यों को स्मरण किया।

झारखंड में तीन दिन का राजकीय शोक, दो दिन अवकाश
शिबू सोरेन के निधन पर झारखंड सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इसके तहत 4 से 6 अगस्त तक शोक रहेगा। इस दौरान 4 और 5 अगस्त को सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह निर्णय शिबू सोरेन के सम्मान में लिया गया है, जो राज्यसभा सांसद और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं।

Comments are closed.