नेपाल में भारी बारिश से तबाही: भूस्खलन और बाढ़ में 42 लोगों की मौत, कई उड़ानें डायवर्ट
नेपाल में कुदरत का कहर: पूर्वी नेपाल के इलाम जिले में बीते 24 घंटों के भीतर आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में कम से कम 42 लोगों की मौत हो गई है। आपदा के चलते कई उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा है।
रविवार सुबह तक मिली जानकारी के अनुसार, सूर्योदय नगर पालिका में 5, मंगसेबुंग नगर पालिका में 3 और इलाम नगर पालिका में 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुट गया है।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
एसएसपी पोखरेल ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि इस आपदा में मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि फिलहाल नुकसान का आकलन जारी है और अब तक केवल प्रारंभिक रिपोर्ट ही सामने आई हैं।
तीनों सुरक्षा एजेंसियां तैनात
प्रभावित इलाकों में नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस की टीमें राहत और बचाव कार्यों के लिए तैनात की गई हैं। भारी बारिश के चलते प्रशासन ने आगे भी बारिश और संभावित बाढ़ को लेकर चेतावनी जारी की है। नदियों के उफान पर होने के कारण काठमांडू घाटी के बाढ़ संभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
नदियों के किनारे तलाशी अभियान जारी
शनिवार को सुरक्षा एजेंसियों ने घाटी से होकर गुजरने वाली प्रमुख नदियों के किनारे बसे इलाकों में घर-घर जाकर तलाशी अभियान चलाया। उन्होंने निवासियों को बाहर निकालने और उनके सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद की।
किन नदियों में बढ़ा जलस्तर
नेपाल के जल विज्ञान और मौसम विज्ञान विभाग ने बागमती, हनुमंते, मनोहरा, धोबी खोला, बिष्णुमती, नक्खू और बल्खू नदियों में जलस्तर बढ़ने की चेतावनी दी है। अधिकारियों ने कहा है कि बाढ़ का पानी सड़कों और निचले इलाकों तक पहुंच सकता है। स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे नदी किनारे जाने से बचें।
Comments are closed.