मेघालय पुलिस का खुलासा: तीन नाकाम कोशिशों के बाद हुई राजा रघुवंशी की हत्या, पत्नी सोनम और प्रेमी ने रची थी साजिश
मेघालय पुलिस ने इंदौर निवासी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, राजा की हत्या उसकी पत्नी सोनम और उसके प्रेमी राज कुशवाहा ने मिलकर की थी, और इसके पीछे सोनम का शादी से पहले का प्रेम संबंध कारण बना।
पुलिस के मुताबिक, सोनम को शादी के लिए मजबूर किया गया था, जिससे नाराज़ होकर उसने अपने प्रेमी और उसके तीन साथियों—विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी—के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। यह हत्या सोहरा के पास वेसाडोंग फॉल्स के एक सूनसान इलाके में अंजाम दी गई। सोनम ने राजा को वहां बुलाया, जहां पांचों ने बारी-बारी से उस पर हमला किया और फिर शव को एक खाई में फेंक दिया।
हत्या की योजना कैसे बनी
पुलिस ने बताया कि हत्या की योजना इंदौर में शादी से महज 11 दिन पहले बनाई गई थी। राज को इस साजिश का मास्टरमाइंड माना जा रहा है, और उसके सोनम से प्रेम संबंध थे। शुरू में यह योजना गुवाहाटी में राजा की हत्या करने की थी, लेकिन लॉजिस्टिक समस्याओं की वजह से यह बार-बार टलती रही।
पहला प्रयास गुवाहाटी में विफल रहा। इसके बाद नोंग्रियाट और मावलाख्यात के बीच भी दो असफल प्रयास हुए। चौथे प्रयास में, वेसाडोंग फॉल्स के पास, अंततः हत्या को अंजाम दिया गया। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि पहचान छुपाने के लिए एक आरोपी ने सोनम की रेनकोट पहन ली थी।
पहले भी बनी थीं चौंकाने वाली योजनाएं
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि फरवरी में सोनम और राज ने शादी से बचने के लिए कई योजनाएं बनाई थीं। इनमें एक योजना में सोनम की नदी में गिरकर मरने का नाटक करना शामिल था। वहीं दूसरी योजना में किसी अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर उसे जला कर सोनम के रूप में पेश करने की कोशिश शामिल थी।
जब ये योजनाएं विफल हो गईं, तो उन्होंने तय किया कि शादी के बाद ही राजा की हत्या कर दी जाएगी।
पुलिस ने बताया कि पांचों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है, और अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Comments are closed.