अलर्ट! वैष्णो देवी यात्रा की बुकिंग से पहले जरूर करें ये काम, श्राइन बोर्ड ने जारी की एडवाइजरी

6

श्री माता वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं के लिए एक अहम खबर है। बुकिंग से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे फर्जी मैसेज, फोन कॉल या व्हाट्सएप फॉरवर्ड के जरिए दर्शन या अन्य सुविधाओं के नाम पर मांगे जा रहे किसी भी भुगतान से बचें।

श्राइन बोर्ड की चेतावनी

श्राइन बोर्ड ने अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट कर कहा:

“झूठा दावा करने वाले फर्जी संदेशों, फोन कॉल या व्हाट्सएप फॉरवर्ड के जवाब में कोई भी भुगतान न करें। अनधिकृत वेबसाइटों या व्यक्तियों द्वारा जारी किए गए धोखाधड़ी वाले विज्ञापनों के झांसे में न आएं। सभी बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट www.maavaishnodevi.org के माध्यम से ही की जाती हैं। भुगतान से पहले पुष्टि करें। किसी भी संदेह की स्थिति में श्राइन बोर्ड के हेल्प डेस्क +91 9906019494 पर संपर्क करें। सतर्क रहें। सुरक्षित यात्रा करें। जय माता दी।”


माता वैष्णो देवी मंदिर में स्मार्ट लॉकर सुविधा

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्राइन बोर्ड ने अधकुंवारी, गेट नंबर-03, और पार्वती, दुर्गा एवं राम मंदिर सहित विभिन्न भवन हॉलों में स्मार्ट लॉकर सुविधाएं शुरू की हैं।

अटका आरती, नव चंडी पाठ, ग्रुप अटका, कटरा-पंची हेलीकॉप्टर और जम्मू-भवन-जम्मू पैकेज जैसी सेवाओं की कन्फर्म बुकिंग वाले श्रद्धालु कमरा नंबर-04 में स्मार्ट लॉकर का निःशुल्क उपयोग कर सकते हैं।

इस मुफ्त सेवा का लाभ उठाने के लिए यह जरूरी है कि बुकिंग रसीद पर कमरा नंबर-04 के रिसेप्शन काउंटर की आधिकारिक मुहर लगी हो। बिना मुहर वाले दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जाएंगे।


वैष्णो देवी धाम का मौसम अपडेट

कटड़ा सहित मां वैष्णो देवी के पावन धाम में मौसम साफ बना हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा में राहत मिल रही है। हालांकि, पहाड़ी इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं।

वहीं, कश्मीर में बुधवार को हुई बर्फबारी के कारण ठंड में इजाफा हुआ है, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं देखी गई।

Comments are closed.