ईरान के सरकारी टीवी चैनल पर इज़रायल का हमला, कई न्यूज़ एंकरों की मौत

5

ईरान-इज़राइल संघर्ष चौथे दिन में प्रवेश कर चुका है और हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। इस बीच इज़राइल ने दावा किया है कि उसके फाइटर जेट्स ईरान की राजधानी तेहरान के आसमान पर खुलेआम गश्त कर रहे हैं और उसका नियंत्रण वहां कायम है। इससे ईरान में अफरातफरी फैल गई है और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे हैं।

वहीं ईरान ने संघर्ष समाप्त करने की एकमात्र शर्त रख दी है। ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अगर इज़राइल पहले अपने हमले बंद करता है, तभी ईरान भी हमला रोकने को तैयार होगा। इसी बीच, ईरानी सरकारी अखबार हमशाहरी की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इज़राइली हवाई हमले में IRIB समाचार चैनल के स्टूडियो को निशाना बनाया गया, जिसमें कई समाचार एंकरों की मौत हो गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने जवाबी कार्रवाई में इज़राइल के हाइफ़ा शहर की रिफाइनरी पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया है। यह हमला, इज़राइल द्वारा ईरान के ऊर्जा और परमाणु ठिकानों पर किए गए हमलों के जवाब में किया गया बताया जा रहा है। अब तक इज़राइली हमलों में ईरान के करीब 250 नागरिकों की मौत हो चुकी है। वहीं, ईरानी मिसाइल हमलों में इज़राइल में 3 लोगों की जान गई है और करीब 100 घायल हुए हैं।

नेतन्याहू का बड़ा आरोप: ईरान ट्रंप को मारना चाहता है

इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को एक चौंकाने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा कि ईरान की इस्लामी सरकार अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अपने परमाणु कार्यक्रम के लिए सबसे बड़ा खतरा मानती है और उन्हें मारने की साजिश रच चुकी है। नेतन्याहू ने कहा, “ट्रंप हमारे दुश्मनों के लिए नंबर वन टारगेट हैं। वह एक निर्णायक नेता रहे हैं, जिन्होंने ईरान के साथ कभी भी कमजोर सौदेबाजी नहीं की, जिससे ईरान को यूरेनियम संवर्धन की छूट मिलती।”

Comments are closed.