एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 हादसा: अहमदाबाद में बड़ा विमान हादसा, 241 की मौत, एक यात्री चमत्कारिक रूप से बचा
गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद विमान क्रैश हो गया, जिसमें 241 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस भयावह हादसे में केवल एक यात्री, विश्वास कुमार रमेश, चमत्कारिक रूप से बच निकले।
ब्रिटेन के नागरिक और दमन-दीव के मूल निवासी विश्वास सीट 11A पर बैठे थे। उन्होंने बताया कि उड़ान भरने के लगभग 30 सेकंड बाद एक तेज धमाका हुआ और विमान तेजी से नीचे गिरने लगा। कुछ ही पलों में प्लेन आग की लपटों में घिर गया और ज़मीन से टकराकर फट गया। लेकिन विश्वास उसी जलते मलबे के बीच से किसी फिल्मी दृश्य की तरह सुरक्षित बाहर निकल आए। उन्हें मामूली चोटें आईं और वह स्वयं चलकर बाहर आए।
सीट बदलने से बची जान?
News18 की रिपोर्ट के अनुसार, फ्लाइट मैनिफेस्ट में विश्वास की सीट 11J दर्ज थी, लेकिन उनके बोर्डिंग पास पर 11A लिखा था। यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह आकस्मिक सीट परिवर्तन उनकी जान बचने की वजह बना?
दुर्घटना स्थल: मेडिकल कॉलेज और सरकारी क्वार्टर तबाह
विमान बीजे मेडिकल कॉलेज परिसर के चिकित्सक छात्रावास और आसपास के सरकारी क्वार्टरों पर गिरा। तेज रफ्तार में गिरते विमान ने कई इमारतों को क्षतिग्रस्त कर दिया और वहाँ खड़ी दर्जनों गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। वायरल हुए वीडियो में दुर्घटनास्थल की भयावहता साफ देखी जा सकती है — जले हुए मलबे के बीच बिखरे शव, आग की लपटें और घबराए लोग।
स्थानीय निवासी हरेश शाह ने बताया, “जैसे ही विमान इमारत से टकराया, तेज धमाका हुआ और चारों ओर आग फैल गई। कई लोगों ने घायल यात्रियों और फंसे हुए निवासियों को बाहर निकालने की कोशिश की।” एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, विमान छात्रावास के डाइनिंग हॉल पर गिरा, जहां उस समय कई लोग मौजूद थे।
बचाव कार्य में जुटी सेना, बीएसएफ और पुलिस बल
अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त जीएस मलिक के अनुसार, राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है। सेना, बीएसएफ, स्थानीय पुलिस और राज्य रिजर्व पुलिस बल की टीमें घटनास्थल पर तैनात हैं और मलबे में दबे लोगों को खोजने में लगी हुई हैं।
घटना स्थल के आसपास के इलाकों को खाली कराया गया है, और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती किया गया है।
देश के इतिहास की सबसे भयावह दुर्घटनाओं में एक
इस हादसे ने न सिर्फ गुजरात को, बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। बीजे मेडिकल कॉलेज और सदर अस्पताल परिसर को भारी क्षति पहुँची है। यह दुर्घटना भारतीय विमानन इतिहास की सबसे भयावह त्रासदियों में से एक मानी जा रही है।
Comments are closed.