कर्तव्य पथ पर दिखेगी आत्मनिर्भर भारत की ताकत, PM मोदी का गणतंत्र दिवस संदेश
भारत आज अपना 77वां गणतंत्र दिवस पूरे देश में बड़े उत्साह और गर्व के साथ मना रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाली भव्य परेड पर दुनियाभर की निगाहें टिकी हैं।
हर वर्ष की तरह इस बार भी गणतंत्र दिवस परेड में देश की सैन्य शक्ति, स्वदेशी रक्षा क्षमताओं और सांस्कृतिक विविधता की शानदार झलक देखने को मिलेगी। इस वर्ष की परेड में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 30 झांकियां शामिल होंगी।
गणतंत्र दिवस परेड 2026 के मुख्य अतिथि यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन होंगे।
सुबह 10:30 बजे शुरू होगी परेड
गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10:30 बजे शुरू होगी और करीब 90 मिनट तक चलेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने से होगी। इसके बाद प्रधानमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति कर्तव्य पथ स्थित सलामी मंच पर पहुंचेंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों मुख्य अतिथियों के साथ राष्ट्रपति अंगरक्षकों की सुरक्षा में पारंपरिक बग्गी में परेड स्थल पर पहुंचेंगी।
परंपराओं का होगा पालन
परंपरा के अनुसार, राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा, इसके बाद राष्ट्रगान गाया जाएगा और फिर 105 मिमी हल्की फील्ड तोपों से 21 तोपों की सलामी दी जाएगी।
यह सलामी 172 फील्ड रेजिमेंट की 1721 सेरेमोनियल बैटरी द्वारा दी जाएगी।
Comments are closed.