जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर के लिडवास में ‘ऑपरेशन महादेव’ में तीन आतंकी ढेर, हाशिम मूसा के मारे जाने की सूचना
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने सोमवार को श्रीनगर के हरवान इलाके के लिडवास क्षेत्र में ‘ऑपरेशन महादेव’ चलाया। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद शुरू हुई इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया है।
सूत्रों के अनुसार, मारे गए आतंकी प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े हुए थे। प्रारंभिक जानकारी में यह भी संकेत हैं कि ये आतंकी हालिया पहलगाम हमले में शामिल हो सकते हैं, जिनके स्कैच कुछ दिनों पहले जारी किए गए थे। हालांकि, इस संबंध में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सेना के मुताबिक, सोमवार सुबह लिडवास क्षेत्र में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। चिनार कोर ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि ऑपरेशन के दौरान तीन आतंकियों को ढेर कर दिया गया है।
ऑपरेशन के दौरान क्षेत्र की ड्रोन से निगरानी की जा रही थी। जानकारी के अनुसार, जैसे ही सुरक्षाबल संदिग्ध स्थान पर पहुंचे, आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन आतंकी मारे गए। ड्रोन फुटेज में तीन शव देखे जाने की पुष्टि हुई है, और दैनिक जागरण के संवाददाता ने भी मारे गए आतंकियों की तस्वीरें साझा की हैं।
हाशिम मूसा के मारे जाने की आशंका
सूत्रों का दावा है कि मारे गए आतंकियों में पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड हाशिम मूसा भी शामिल हो सकता है। इसके अलावा स्कैच में दिख रहे दो अन्य आतंकी—सुलेमान और यासिर—के भी मारे जाने की सूचना है। हालांकि, सेना ने इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ऑपरेशन अभी भी जारी है, क्योंकि इलाके में और आतंकियों के छिपे होने की संभावना जताई जा रही है।
Comments are closed.