Bihar Election: मतदान केंद्रों पर मोबाइल ले जा सकेंगे वोटर, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का बड़ा ऐलान

3

भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दो दिवसीय समीक्षा के बाद रविवार को प्रेसवार्ता की। उन्होंने भोजपुरी और मैथिली में मतदाताओं को दी जाने वाली सुविधाओं और सुधारों की विस्तार से जानकारी दी।

सीईसी ने बताया कि मतदान केंद्रों पर ईवीएम कक्ष के बाहर मतदाताओं के लिए मोबाइल रखने की सुविधा होगी। साथ ही उन्होंने बताया कि इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में पहली बार 17 नए नवाचार और सुधार लागू किए जा रहे हैं।

प्रेसवार्ता में निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू, डॉ. विवेक जोशी और बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद गुंजियाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

ज्ञानेश कुमार ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि “काल्पनिक आवास संख्या” प्रणाली को अभी पूरी तरह समाप्त नहीं किया गया है।

विशेष पुनरीक्षण अभियान ऐतिहासिक और पारदर्शी

सीईसी ने मतदाता सूची में सुधार के लिए चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को ऐतिहासिक, पारदर्शी और ठोस पहल बताया।

निर्वाचन आयोग ने बताया कि हाल के दिनों में लागू किए गए कई नए उपायों—जैसे डाक मतपत्र (पोस्टल बैलेट) की गिनती और फार्म 17C से जुड़ी पारदर्शिता—को व्यापक समर्थन मिला है।

आयोग ने चुनाव योजना, ईवीएम प्रबंधन, रसद व्यवस्था, मतदान केंद्रों के युक्तिकरण, बुनियादी ढांचे, कर्मचारियों के प्रशिक्षण, जब्ती, कानून-व्यवस्था, मतदाता जागरूकता और आउटरीच गतिविधियों के सभी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की।

Comments are closed.