बिहार विधानसभा चुनाव 2025: पहले चरण में 9 बजे तक 13.13% मतदान, 18 जिलों की 121 सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग जारी
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रथम चरण का मतदान गुरुवार सुबह 7 बजे शुरू हुआ और पहले दो घंटे में 13.13% मतदान दर्ज किया गया। इस चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं और पहली बार सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की जा रही है।
सहरसा, वैशाली, खगड़िया में सबसे ज्यादा मतदान, पटना में सबसे कम
सुबह 9 बजे तक सहरसा में 15.27%, वैशाली में 14.30% और खगड़िया में 14.15% मतदान दर्ज हुआ। बेगूसराय (14.60%) और मुजफ्फरपुर (14.38%) भी अधिक मतदान वाले जिलों में शामिल रहे। इसके विपरीत राजधानी पटना में मतदान सबसे कम (11.22%) दर्ज किया गया।
अन्य जिलों के आंकड़े:
-
मधेपुरा: 13.74%
-
गोपालगंज: 13.97%
-
सिवान: 13.35%
-
सारण: 13.30%
-
मुंगेर: 13.37%
-
लखीसराय: 13.39%
-
भोजपुर: 13.11%
-
बक्सर: 13.28%
कुल 45,341 मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी है, जिनमें 320 आदर्श बूथ, 926 महिलाकर्मियों द्वारा संचालित और 107 दिव्यांगों द्वारा संचालित केंद्र शामिल हैं।
हाई-प्रोफाइल सीटें और बड़े दांव
इस चरण में बिहार के दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा समेत कई मंत्रियों की राजनीतिक किस्मत ईवीएम में कैद होगी। महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव के राघोपुर सीट पर भी आज ही मतदान हो रहा है।
121 सीटों में से 102 सामान्य और 19 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इस चरण में 3,75,13,302 मतदाता 1,314 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, नेपाल सीमा पर भी सतर्कता
चुनाव के सुचारू संचालन के लिए साढ़े चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, जिनमें 1,500 केंद्रीय बल, 60,000 से अधिक बिहार पुलिसकर्मी, 30,000 बीएसएपी जवान, 22,000 होमगार्ड और 1.5 लाख चौकीदार शामिल हैं। नेपाल सीमा पर भी संयुक्त गश्त बढ़ा दी गई है।
वोटिंग टाइमिंग में फेरबदल
संवेदनशील क्षेत्रों में मतदान शाम 5 बजे तक ही होगा, जबकि अन्य सीटों पर वोटिंग का समय शाम 6 बजे तक निर्धारित है। सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, मुंगेर, जमालपुर और सूर्यगढ़ा के कुछ बूथों पर मतदान की समय सीमा घटाई गई है।
मुकाबले का गणित
-
एनडीए: जदयू 57, भाजपा 48, लोजपा (रा) 13, राष्ट्रीय लोक मोर्चा 2
-
महागठबंधन: राजद 71, कांग्रेस 24, भाकपा(माले) 14, भाकपा 5, माकपा 3, आइआईपी 3
-
जन सुराज पार्टी: 118 सीटों पर उम्मीदवार
हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित है। किसी भी गड़बड़ी की शिकायत के लिए फ़ोन नंबर 0612-2824001 और फैक्स 0612-2215611 जारी किए गए हैं।
दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन ने कम मतदान वाले क्षेत्रों में मतदाताओं को बूथ तक लाने के लिए जागरूकता प्रयास तेज कर दिए हैं।
Comments are closed.