“ईसाई राष्ट्र में झूठे हिंदू भगवान?” हनुमान जी की मूर्ति पर ट्रंप पार्टी के सांसद का विवादित बयान
अमेरिका के टेक्सस में अष्टलक्ष्मी मंदिर में भगवान हनुमान की कई फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। यह अमेरिका की तीसरी सबसे ऊंची मूर्ति है। हालांकि, इसे लेकर विवाद शुरू हो गया है जब रिपब्लिकन पार्टी के सांसद एलेक्जेंडर डंकन ने इसे लेकर विवादित बयान दिया। अमेरिका में रहने वाले हिंदुओं ने अब रिपब्लिकन पार्टी से कार्रवाई की मांग की है।
डंकन का विवादित बयान
टेक्सस के सांसद एलेक्जेंडर डंकन ने प्रतिमा का वीडियो शेयर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर लिखा:
“हमने हिंदुओं के एक झूठे भगवान की झूठी प्रतिमा को टेक्सस में स्थापित करने की इजाजत क्यों दी है? हम ईसाई राष्ट्र हैं।”
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा:
“बाइबल में लिखा है, ‘मेरे अलावा आपका कोई और भगवान नहीं हो सकता। आप धरती पर, स्वर्ग में या समुद्र में अपने लिए कोई मूर्ति, तस्वीर नहीं बना सकते।'”
हिंदू संगठनों ने जताया विरोध
डंकन के बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने उनके बयान को हिंदू विरोधी और भड़काऊ करार देते हुए टेक्सस रिपब्लिकन पार्टी से कार्रवाई की मांग की।
HAF ने कहा:
“टेक्सस सरकार, क्या आप अपने सांसद को अनुशासित कर सकते हैं? आपकी पार्टी भेदभाव का विरोध करती है, लेकिन आपके सांसद खुलेआम पार्टी के निर्देशों की अवहेलना कर रहे हैं और हिंदुओं के खिलाफ नफरत फैला रहे हैं।”
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं
एक यूजर ने डंकन की पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी:
“आप हिंदू नहीं हैं, सिर्फ इसलिए आप इसे झूठा नहीं बता सकते। वेद ईसा मसीह के पैदा होने से भी 2000 साल पहले लिखे गए थे। यह कोई आम दस्तावेज़ नहीं हैं। आपका ईसाई धर्म भी इससे प्रभावित है। बेहतर होगा कि आप इस पर थोड़ी रिसर्च कर लें।”
Comments are closed.