कानपुर के व्यस्त बाजार में जोरदार धमाका, 12 घायल; पुलिस और फोरेंसिक टीमें मौके पर अलर्ट
कानपुर में धमाका: दीपावली से पहले अवैध पटाखा भंडारण की आशंकाओं के बीच बुधवार रात मेस्टन रोड स्थित मिश्री बाजार मोड़ पर जबरदस्त विस्फोट हुआ। हादसे में 10 से 12 लोग घायल हुए, जिनमें से आठ को अस्पताल ले जाया गया है। चार की हालत गंभीर बताई जा रही है — वे 50 फीसदी तक झुलसे हैं। विस्फोट इतना तीव्र था कि आसपास के कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवारों में दरारें पड़ गईं।
पुलिस के मुताबिक, धमाका दो स्कूटियों में हुआ, हालांकि इसकी वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों से उर्सुला अस्पताल में मुलाकात की। फिलहाल पुलिस, फोरेंसिक टीम, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड जांच में जुटे हैं।
घटना शाम करीब 7:35 बजे हुई। अब्दुल नामक व्यक्ति की प्लास्टिक की दुकान के पास खड़ी दो स्कूटियों में विस्फोट से पूरा इलाका दहल उठा। धुएं का गुबार देखकर लोगों ने पहले सिलेंडर या पटाखों के फटने की आशंका जताई। मौके पर पांच मिनट में ही पुलिस पहुंच गई।
प्रारंभिक जांच में स्कूटियों की बैटरी में विस्फोट की संभावना जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्पष्ट निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
घटनास्थल के पास मौजूद 70 वर्षीय सुहाना, 60 वर्षीय रियादुईन, 60 वर्षीय अब्दुल और 50 वर्षीय अश्वनी कुमार गंभीर रूप से झुलसे हैं। उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय भेजा गया है। दो अन्य को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि दो का इलाज उर्सुला अस्पताल में जारी है।
Comments are closed.