एलन मस्क से छिना ‘दुनिया के सबसे अमीर शख्स’ का ताज, लैरी एलिसन बने नंबर वन; एक ही दिन में बढ़ी $101 अरब की दौलत
दुनिया के सबसे अमीर शख्स का ताज अब एलन मस्क (Elon Musk) से छिनकर ओरेकल (Oracle) के को-फाउंडर लैरी एलिसन (Larry Ellison) के सिर सज गया है।
कंपनी के तगड़े तिमाही नतीजों के बाद मंगलवार रात ओरेकल के शेयरों में जबरदस्त उछाल आया, जिससे एलिसन की नेटवर्थ एक ही दिन में 101 अरब डॉलर बढ़ गई। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति अब 393 अरब डॉलर हो गई है, जबकि मस्क 385 अरब डॉलर पर खिसक गए।
बुधवार को भी ओरेकल के शेयरों में 40% तक की तेजी देखी गई। कंपनी की क्लाउड सर्विसेज और खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े कॉन्ट्रैक्ट्स की बढ़ती मांग इस उछाल की सबसे बड़ी वजह रही। यही कारण है कि एलिसन की दौलत ने इतिहास का सबसे बड़ा सिंगल-डे जंप दर्ज किया।
एआई क्लाउड डिमांड ने बढ़ाई ताकत
ओरेकल ने मंगलवार देर रात खुलासा किया कि उसने चार बड़े मल्टीबिलियन डॉलर कॉन्ट्रैक्ट्स साइन किए हैं। सीईओ सफ्रा कैट्ज (Safra Catz) ने संकेत दिया कि आने वाले महीनों में और भी बड़े सौदे होने वाले हैं। एआई कंपनियों की बढ़ती कंप्यूटिंग पावर की जरूरतों को पूरा करने में ओरेकल अब बड़ी भूमिका निभा रहा है, जिस पर निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
एआई बूम से सीधा फायदा
ओरेकल ने हाल ही में चैटजीपीटी (ChatGPT) की पैरेंट कंपनी ओपनएआई को 4.5 गीगावॉट बिजली सप्लाई करने का करार किया है, ताकि उनके एआई टूल्स को पावर मिल सके। एआई रेस में यह कदम ओरेकल की मजबूत पकड़ और भविष्य की संभावनाओं को और पुख्ता करता है।
मस्क पीछे, एलिसन सबसे आगे
एलन मस्क ने 2021 में पहली बार दुनिया के सबसे अमीर इंसान का खिताब जीता था और ज्यादातर वक्त वे इस पोजीशन पर बने रहे। बीच-बीच में बर्नार्ड अरनॉल्ट और जेफ बेजोस उनसे आगे निकले, लेकिन मस्क ने तेजी से वापसी की। इस बार हालांकि ओरेकल और एआई की ताकत ने लैरी एलिसन को इतिहास रचने का मौका दे दिया है।
Comments are closed.