“कांग्रेस विधायक का दावा—डीके शिवकुमार होंगे कर्नाटक के अगले CM, पार्टी ने थमाया कारण बताओ नोटिस”
कांग्रेस की राज्य अनुशासन समिति ने रविवार को चन्नगिरी के विधायक बसवराजू वी. शिवगंगा को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्होंने दावा किया था कि उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री होंगे।
शिवगंगा का यह बयान एक बार फिर नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को हवा देता दिखा, जबकि हाल ही में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने स्पष्ट किया था कि वे अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे। शिवगंगा ने शनिवार को दावणगेरे में कहा था, “दिसंबर के बाद डीके मुख्यमंत्री बनेंगे।”
‘पार्टी को उठानी पड़ी शर्मिंदगी’
अनुशासन समिति की समन्वयक निवेदित अल्वा द्वारा जारी नोटिस में कहा गया कि शिवगंगा के बयान से पार्टी के भीतर भ्रम और सार्वजनिक रूप से शर्मिंदगी पैदा हुई है। इसे पार्टी अनुशासन का उल्लंघन मानते हुए गंभीरता से लिया गया है।
नोटिस में विधायक को सात दिनों के भीतर अपने बयान पर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।
डीके शिवकुमार की प्रतिक्रिया
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार ने शिवगंगा की टिप्पणी पर नाराज़गी जताई और इसे पार्टी अनुशासन का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि कई बार चेतावनी देने के बावजूद शिवगंगा ऐसे बयान देते रहे हैं, इसलिए उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा।
Comments are closed.