न्यूयॉर्क में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक से पहले भारत-जापान रणनीतिक साझेदारी को मिली नई मजबूती, आतंकवाद पर जयशंकर का सख्त संदेश
विदेश मंत्री एस. जयशंकर क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए न्यूयॉर्क पहुंचे हैं। समिट से पहले उन्होंने जापान के विदेश मंत्री ताकेशी इवाया से द्विपक्षीय मुलाकात की, जिसमें भारत-जापान रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती देने पर सहमति बनी।
जयशंकर ने इस मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर लिखा, “न्यूयॉर्क में जापान के विदेश मंत्री से मिलना सुखद रहा। बुनियादी ढांचे, निवेश और गतिशीलता पर सार्थक बातचीत हुई। हमने क्वाड सहयोग को और गहरा करने तथा स्वतंत्र व मुक्त हिंद-प्रशांत क्षेत्र को लेकर विचार साझा किए।”
क्वाड बैठक में आतंकवाद पर भारत का स्पष्ट रुख सामने रखते हुए जयशंकर ने कहा कि दुनिया को अब आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनानी होगी। उन्होंने कहा, “जो लोग आतंकवाद के शिकार होते हैं और जो इसे फैलाते हैं, उन्हें एक नजर से नहीं देखा जा सकता। भारत को अपने नागरिकों की सुरक्षा का अधिकार है और हम अपने अधिकार का पूरी मजबूती से इस्तेमाल करेंगे।”
उन्होंने यह भी कहा कि अगली क्वाड शिखर बैठक भारत में होगी और इसकी तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। “हमारे पास कुछ अच्छे सुझाव हैं और हमें भरोसा है कि हमारे क्वाड साझेदार भी सार्थक विचारों के साथ आगे आएंगे,” उन्होंने कहा।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र को लेकर उन्होंने दो टूक कहा कि इसे स्वतंत्र और निष्पक्ष बनाए रखना जरूरी है। “हम सब मिलकर यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि इस क्षेत्र में कोई भी देश जबरदस्ती या दबाव की नीति न अपनाए। हर देश को अपने विकास और सुरक्षा के फैसले लेने की आज़ादी होनी चाहिए,” जयशंकर ने कहा। यह बयान चीन के बढ़ते दबदबे के बीच खासा मायने रखता है।
जयशंकर की यह यात्रा अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के निमंत्रण पर हो रही है। क्वाड—भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया—का यह मंच इस बार खासतौर पर इंडो-पैसिफिक की सुरक्षा, स्थिरता और सहयोग पर केंद्रित रहेगा। इससे पहले जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र में एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया, जहां उन्होंने आतंकवाद को वैश्विक शांति के लिए गंभीर खतरा बताया।
Comments are closed.