इंदौर बिजनेसमैन राजा रघुवंशी मर्डर केस: तांत्रिक क्रिया के शक से बढ़ी सनसनी, एसआईटी ने जब्त किए अहम सबूत
इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शिलांग पुलिस की एसआईटी को शक है कि राजा की हत्या किसी तांत्रिक क्रिया के चलते की गई। मामले की जांच में जुटी एसआईटी ने अब सोनम रघुवंशी के दोस्तों की पूरी जानकारी इकट्ठा कर ली है, साथ ही सभी संदिग्धों के मैसेज और चैट्स का डाटा भी तैयार कर लिया गया है।
फिलहाल शिलांग पुलिस की एक टीम इंदौर में सक्रिय है और लगातार हत्याकांड से जुड़े सबूत जुटाने की कोशिश कर रही है। जांच को आगे बढ़ाते हुए अब एसआईटी की टीम बुधवार को इंदौर में शिलोम जेम्स, चौकीदार बल्लू उर्फ बलवीर और आरोपी लोकेंद्र को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी।
सोनम का लैपटॉप बना जांच की सबसे बड़ी कड़ी
एसआईटी की टीम सोनम रघुवंशी के लापता लैपटॉप की तलाश में जुटी है। पूछताछ में शिलोम जेम्स ने बताया है कि उसने सोनम का लैपटॉप किसी सुनसान इलाके में फेंक दिया था। पुलिस को शक है कि इसी लैपटॉप में राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश से जुड़े अहम सुराग हो सकते हैं। वहीं, सोनम का बैग कथित तौर पर शिलोम, लोकेंद्र और चौकीदार बल्लू ने गायब किया था।
इंदौर से ग्वालियर तक जांच का दायरा
सूत्रों के अनुसार, ग्वालियर में पकड़े गए आरोपी लोकेंद्र को भी इंदौर लाया जा सकता है ताकि उससे अन्य आरोपियों के सामने पूछताछ की जा सके। पुलिस की योजना है कि सभी आरोपियों को शिलांग भी ले जाया जाए ताकि वहां केस से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा सके।
डीवीआर जब्त, फ्लैट और शो रूम की भी जांच
राजा की हत्या से जुड़े अहम फुटेज जुटाने के लिए पुलिस ने देवास नाका स्थित फ्लैट और आसपास की इमारतों के साथ कार शो रूम के डीवीआर जब्त कर लिए हैं। बताया जा रहा है कि हीराबाग कॉलोनी के जिस फ्लैट में सोनम ठहरी थी, वहां से उसका रहस्यमयी बैग गायब हुआ था। शिलोम और चौकीदार बल्लू ने मिलकर बैग को ठिकाने लगाया था। अब पुलिस को उम्मीद है कि इन डीवीआर फुटेज से हत्याकांड के कई अनसुलझे राज सामने आ सकते हैं।
जांच में तांत्रिक पहलू और डिजिटल सबूतों की तलाश ने इस केस को और रहस्यमयी बना दिया है। शिलांग पुलिस की एसआईटी हर एंगल से पड़ताल कर रही है, और आने वाले दिनों में इस हत्याकांड में कई और सनसनीखेज खुलासे हो सकते हैं।
Comments are closed.